लोकतंत्र सेनानी ओमप्रकाश आचार्य की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
बीकानेर, 31 मई (हि.स.)। वरिष्ठ विधिवेत्ता और लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय ओमप्रकाश आचार्य की द्वितीय पुण्यतिथि पर ओझा सत्संग भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों का सच्चा प्रहरी बताया।
मुख्य वक्ता केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश आचार्य ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौर में लोकतंत्र को बचाने के लिए अनेक लोगों ने संघर्ष किया, जिनमें ओमप्रकाश आचार्य का योगदान महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं बल्कि नागरिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है। लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि ओमप्रकाश आचार्य संगठन को गढ़ने वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत किया। एक सफल विधिवेत्ता होने के साथ उन्होंने सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी। कानून के क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और समाज के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें विशिष्ट बनाती थी।
मुख्य अतिथि एवं हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश आचार्य का जीवन सिद्धांतनिष्ठ राजनीति, सामाजिक सेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था। उन्होंने कहा कि आचार्य ने अपने विचारों और मूल्यों के आधार पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई तथा संगठन को मजबूत करने और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि वर्तमान दौर में जब राजनीति में मूल्यों और आदर्शों की चर्चा होती है तब ओमप्रकाश आचार्य जैसे व्यक्तित्व प्रेरणा के स्रोत बनकर सामने आते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए ऐसे व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लें।
कार्यक्रम में बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई, रमेश इसरानी, लोकेश चतुर्वेदी, श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, पंडित जुगलकिशोर ओझा तथा सालासर धाम के पुजारी पंडित लक्ष्मीनारायण पुजारी सहित अनेक वक्ताओं ने स्वर्गीय ओमप्रकाश आचार्य के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने स्वर्गीय ओमप्रकाश आचार्य के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। संस्थान मंत्री विजय कुमार आचार्य ने स्वागत उद्बोधन देते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला तथा अतिथियों का परिचय कराया। संस्थान अध्यक्ष श्रीभगवान अग्रवाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन बनवारीलाल शर्मा ने किया तथा आभार श्रीभगवान अग्रवाल ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, जालम सिंह भाटी, अखिलेश प्रताप सिंह, मोहन सुराणा, अधिवक्ता मुमताज अली भाटी, अधिवक्ता कुलदीप शर्मा, ज्योतिषाचार्य हरिनारायण व्यास, राजेन्द्र किराडू, यशपाल आहूजा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

