home page

हाथ में हथकड़ी लगने से बचा तो चढ़ाई चांदी की हथकड़ी, एक भक्त ने चढ़ाया मकान

 | 
हाथ में हथकड़ी लगने से बचा तो चढ़ाई चांदी की हथकड़ी, एक भक्त ने चढ़ाया मकान


चित्तौड़गढ़, 02 जून (हि.स.)। जिले में स्थित भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में भक्तों की आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। एक भक्त ने मन्नत पूरी होने पर सांवलियाजी के प्राकट्य स्थल मंदिर में चांदी से बनी हथकड़ी भेंट की है। भक्त को एक मामले में गिरफ्तार होने और हथकड़ी लगने की नौबत आ गई थी। इसने भगवान से गिरफ्तार नहीं होने के लिए मनोकामना मांगी थी, जो पूरी हो गई। ऐसे में मंगलवार को को प्राकट्य स्थल मंदिर पहुंच हथकड़ी चढ़ाई। वहीं एक अन्य भक्त ने सांवलिया साथ के मुख्य मंदिर में चांदी से बना मकान भेंट किया।

अहमदाबाद गांधीनगर निवासी विजय सोलंकी मंगलवार को परिवार सहित सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मन्नत मांगी थी कि अहमदाबाद-गांधीनगर में उनका भी मकान बन सके। मन्नत पूरी होने पर अहमदाबाद से 103 ग्राम चांदी का मकान बनवाया, जिसकी कीमत करीब 32 हजार रुपये है। मंदिर कार्यालय में सेठ के दर्शन कर उन्होंने चांदी का मकान भेंट किया और देश-प्रदेश में अमन चैन व खुशहाली की कामना की।

इधर, भादसोड़ा चौराहे स्थित प्राकट्य स्थल सांवलियाजी मंदिर में एक भक्त ने अनोखा उपहार भेंट कर सबको दंग कर दिया। भक्त ने भगवान सांवलिया सेठ को चांदी से निर्मित हथकड़ी चढ़ाई। ऐसा उपहार इस मंदिर में पहली बार आया है।

नाम न छापने की शर्त पर भक्त ने बताया कि उसे किसी मामले में हथकड़ी लगने वाली थी। सांवलिया सेठ से मन्नत मांगी तो वह हथकड़ी लगने से बच गया। मनोरथ पूर्ण होने पर उसने 50 ग्राम चांदी से स्वर्णकार से हथकड़ी बनवाई और प्राकट्य स्थल मंदिर में भगवान को भेंट कर मन्नत पूरी की। मंदिर में भक्त कई प्रकार के उपहार चढ़ाते हैं, लेकिन हथकड़ी पहली बार चढ़ाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल