संरक्षा संवाद में सुरक्षित रेल संचालन पर दिया जोर
जोधपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जोधपुर रेल मंडल के फलोदी स्टेशन पर संरक्षा संवाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने संरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों से संवाद करते हुए कार्य के दौरान सतर्कता, सजगता एवं निर्धारित संरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने पर जोर दिया।
संरक्षा संवाद के दौरान सेफ्टी काउंसलर द्वारा संरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। रेलकर्मियों को कार्यस्थल पर सावधानी बरतने, निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने तथा किसी भी परिस्थिति में संरक्षा से समझौता नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में स्टेशन मास्टर, प्वाइंट्समैन, ट्रैकमैन, इलेक्ट्रिक, लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर सहित संरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान रेल संचालन से संबंधित विभिन्न संरक्षा पहलुओं पर चर्चा की गई तथा कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र से जुड़े विषयों पर संवाद एवं सुझाव भी लिए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, मंडल इंजीनियर संजय पूनिया, सहायक मंडल इंजीनियर दूरसंचार राकेश कुमार सहित संरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

