home page

उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय पर मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

 | 
उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय पर मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में सोमवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलन एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रधान कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अत्यंत विषम परिस्थितियों के बावजूद लोगों को संगठित कर अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक परिस्थितियों और चुनौतियों से ऊपर उठकर देश की स्वतंत्रता एवं जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का मुख्य उद्देश्य उनके त्याग, बलिदान एवं उत्कृष्ट कार्यों को स्मरण करना तथा उनके आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर परिवार और समाज को प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में ऑल इंडिया रेलवे एससी/एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी बी.एल. बैरवा एवं टीकाराम मीना, उत्तर पश्चिम रेलवे एम्पलाईज यूनियन के पदाधिकारी राजीव सारण तथा उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारी महेश कुमार शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों/ अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके राष्ट्रहित में किए गए योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव