उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक ने रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ
जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे पर कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने हेतु “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के प्रथम दिन सोमवार, 26 अक्टूबर को प्रधान कार्यालय में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी एवं कानून के नियमों का पालन करने, अपने कार्यों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इसके पश्चात महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सतर्कता विषय पर आधारित चित्रों एवं पेंटिंग्स की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने सतर्कता जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया। इन गतिविधियों के माध्यम से रेलकर्मियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता के उच्चतम मानकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चित्रों एवं पेंटिंग्स की प्रदर्शनी, काव्य पाठ, हस्ताक्षर अभियान तथा नुक्कड़ नाटकों सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से रेलकर्मियों एवं आमजन को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और जवाबदेही के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य संगठन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करना है। “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” का संदेश देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

