home page

उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने किया जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

 | 
उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने किया जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)।

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही,आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर यात्री सुविधाओं,भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुचारु,सुरक्षित एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने जयपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण एवं विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की आवाजाही तथा नियमित रेल परिचालन प्रभावित नहीं होना चाहिए। साथ ही यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यस्थलों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए महाप्रबंधक ने स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वारों,यात्रियों के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म,प्रतीक्षालय तथा अन्य प्रमुख यात्री आवागमन क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने इन व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने,उनके सुगम आवागमन तथा आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित रूप से रोकने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट प्लान के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए। यात्रियों को सही दिशा-निर्देश देने, प्रवेश एवं निकास मार्गों को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता,पेयजल,बैठने की व्यवस्था,यात्री सूचना प्रणाली एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

पंकज शर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्टेशन पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा यात्रियों की सुविधा,सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम समय रहते उठाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान रवि जैन,मंडल रेल प्रबंधक, जयपुर सहित मुख्यालय एवं मंडल के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश