home page

उत्तर पश्चिम रेलवे ने मालगाड़ियों की रफ्तार में तोड़ा रिकॉर्ड, भारतीय रेलवे में बना नंबर-1

 | 
उत्तर पश्चिम रेलवे ने मालगाड़ियों की रफ्तार में तोड़ा रिकॉर्ड, भारतीय रेलवे में बना नंबर-1


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। मालगाड़ियों की रफ्तार बढ़ाने के मामले में उत्तर पश्चिम रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बेहतर परिचालन प्रबंधन, प्रभावी कार्ययोजना और विभिन्न विभागों के बीच मजबूत समन्वय के दम पर उत्तर पश्चिम रेलवे ने बुधवार को मालगाड़ियों की औसत गति 25.09 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की। इस उपलब्धि के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे ने संपूर्ण भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी क्रम में, मंडल स्तर पर 34.40 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति के साथ जोधपुर मंडल ने मदुरै के बाद दूसरा स्थान तथा 33.77 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति के साथ अजमेर मंडल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह उपलब्धि सुनियोजित परिचालन, बेहतर कार्य प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी तालमेल का परिणाम है। मालगाड़ियों के संचालन में समय की बचत तथा उपलब्ध रेल संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। परिचालन गतिविधियों की नियमित निगरानी और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है।

मालगाड़ियों की औसत गति में यह वृद्धि रेलवे की माल ढुलाई व्यवस्था को अधिक सक्षम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। तेज गति से माल परिवहन होने से वस्तुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में लगने वाला समय कम होता है। इससे रेल नेटवर्क की क्षमता का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ मालगाड़ियों के परिचालन को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।

मालगाड़ियों की औसत गति में सुधार के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा परिचालन व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ट्रेनों की आवाजाही की प्रभावी निगरानी, समयबद्ध संचालन तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भविष्य में भी मालगाड़ियों की औसत गति को बनाए रखने और माल परिवहन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव