आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा जोधपुर रेलवे मंडल
14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को विश्व स्तरीय रूप में किया जा रहा विकसित
जोधपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री के विकसित भारत विजऩ के अनुरूप अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जोधपुर रेल मंडल में व्यापक स्तर पर संयुक्त विकास कार्य किए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत मंडल के 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को विश्व स्तरीय रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अत्याधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सकेगा।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत जहां देशनोक रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास पूर्ण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया जा चुका है। वहीं डेगाना, रेन, गोटन, सुजानगढ़, रामदेवरा, फलोदी, बालोतरा, बाड़मेर, डीडवाना, मेड़ता रोड, नागौर, मारवाड़ भीनमाल और जालोर स्टेशनों पर कार्य तीव्र गति से जारी है। इन परियोजनाओं में लगभग 90 प्रतिशत प्रगति हो चुकी है तथा सभी स्टेशनों को अगस्त माह तक आमजन के लिए समर्पित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार प्रत्येक स्टेशन पर लगभग 15 से 20 करोड़ रुपये की लागत से उच्च गुणवत्ता की यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
इन स्टेशनों पर जो सुविधाएं मिलेंगी उनमें प्रमुख तौर पर आधुनिक एवं वातानुकूलित प्रतीक्षालय, स्वच्छ व उन्नत शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले व सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा तंत्र, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं है। इसके साथ ही सुगम प्रवेश-निकास व पार्किंग व्यवस्था जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुभव को नई ऊंचाई प्रदान करेंगी।
स्टेशनों के संयुक्त विकास के अंतर्गत मंडल के 3 बड़े स्टेशनों का भी मेगा स्तर पर पुनर्विकास किया जा रहा है जिसमें जोधपुर रेलवे स्टेशन लगभग 474 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर लगभग 140 करोड़ रुपए की लागत से कार्य पूर्ण हो चुका है और पाली रेलवे स्टेशन पर लगभग 97 करोड़ रुपए की लागत से कार्य प्रगति पर है।
इन परियोजनाओं में स्टेशन भवनों को आधुनिक डिजाइन, स्थानीय वास्तुकला एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे स्टेशन केवल यातायात केंद्र ही नहीं बल्कि शहर की पहचान का प्रतीक भी बन सकें।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल के रेलवे स्टेशन अब आधुनिकता, सुविधा और समग्र विकास के नए केंद्र के रूप में उभरते हुए क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं। इस विकास से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और शहरी अवसंरचना को मजबूती मिलेगी। यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

