एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ का जयपुर में भव्य स्वागत
जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के शनिवार को दिल्ली से पहली बार जयपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से राजस्थान विश्वविद्यालय तक जगह-जगह एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए उनका अभिनंदन किया। जाखड़ दोपहर करीब 1.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में जाखड़ ने कहा कि यह पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है कि साधारण परिवार से आने वाले कार्यकर्ता को इतना बड़ा दायित्व मिला है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस में गरीब और आम परिवार का युवा भी मेहनत के दम पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी तथा देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए काम करेगी।
जाखड़ ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव और नशे के खिलाफ अभियान जैसे मुद्दों पर एनएसयूआई लगातार संघर्ष करती रही है। कर्नाटक सरकार द्वारा छात्रसंघ चुनाव कराने की पहल का स्वागत करते हुए उन्होंने राजस्थान में भी छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग दोहराई।
उन्होंने कुछ फिल्मों के जरिए नफरत की राजनीति फैलाने के आरोप लगाते हुए कहा कि देश में अमन और भाईचारे की परंपरा है और विश्वविद्यालय परिसरों में नफरत की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही राजस्थान एनएसयूआई अध्यक्ष के चयन को लेकर राहुल गांधी और प्रभारी कन्हैया कुमार के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

