इस बार नाै दिवसीय होगा गांधी महोत्सव
दाे से 10 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
अजमेर , 01 अक्टूबर(हि.सं.)। अजमेर में विगत पांच वर्षों से जारी गांधी महोत्सव इस बार भी जोर-शोर से मनाया जाएगा । महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह उत्सव इस वर्ष 9 दिवसीय होगा और इसमें विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गांधी महोत्सव समिति के डॉ अनंत भटनागर ने बताया कि 9 अक्टूबर को सोफिया कॉलेज में गांधी क्विज का आयोजन किया जाएगा । गांधी दर्शन और संवैधानिक मूल्यों पर केंद्रित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीम भाग लेंगी। इसी दिन सोफिया कॉलेज में व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा।
सुप्रसिद्ध पत्रकार एवं गांधीवादी कार्यकर्ता पीयूष बबेले (भोपाल) जेन जी और गांधी जी विषय पर व्याख्यान देंगे। महोत्सव के अंतर्गत गांधी कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। यह निर्णय गांधी महोत्सव के आयोजन से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक में लिया गया।
2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों की शृंखला के पहले दिन 2 अक्टूबर को सेंट्रल जेल तथा महिला जेल, विधि महाविद्यालय व सेंट पॉल्स स्कूल में ' गांधी परिसंवाद ' का आयोजन होगा।
महोत्सव में अजमेर जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों , विश्वविद्यालय में लगभग 25 गांधी परिसंवाद आयोजित होंगे।
इसके साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में भी परिसंवाद आयोजित होंगे। इस वर्ष लगभग 5000 विद्यार्थियों को गांधी दर्शन से परिचित करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

