home page

मोतीडूंगरी में सात सितंबर से शुरू होगा नौ दिवसीय गणेशोत्सव

 | 
मोतीडूंगरी में सात सितंबर से शुरू होगा नौ दिवसीय गणेशोत्सव


जयपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में 7 सितंबर से नौ दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव का शुभारंभ होगा। मंदिर के महंत कैलाश शर्मा के अनुसार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का यह सिलसिला 15 सितंबर तक चलेगा। उत्सव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर 72 सीसीटीवी कैमरों और 14 मेटल डिटेक्टर की निगरानी में रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था के लिए 500 स्वयंसेवक, 100 ई-रिक्शा और चार इलेक्ट्रिक बसें तैनात रहेंगी।

मोती डूंगरी मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि 7 सितंबर को सुबह 9 बजे कलश यात्रा एवं जलाभिषेक के साथ गणेशोत्सव की शुरुआत होगी। 8 सितंबर को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर भगवान गणेश का 348 किलो पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसमें 251 किलो दूध, 50 किलो दही, 25 किलो बूरा तथा 11-11 किलो शहद और घी शामिल रहेगा। इसी दिन केले की झांकी और छप्पन भोग सजाया जाएगा। शाम 6 बजे ध्रुपद गायन होगा।

9 सितंबर को सुबह 5 बजे से मोदकों की भव्य झांकी के दर्शन होंगे। इसमें 251 किलो के दो, 51 किलो के पांच और 21 किलो के 21 विशाल मोदक सहित बड़ी संख्या में छोटे मोदक सजाए जाएंगे। इस दिन बाहर से प्रसाद लाना वर्जित रहेगा। शाम को कथक और सुगम संगीत की प्रस्तुतियां होंगी तथा श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रसाद वितरित किया जाएगा।

10 सितंबर को फलों, 11 सितंबर को सब्जियों और 12 सितंबर को फूलों की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। तीनों दिन शाम 6 बजे कथक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।

13 सितंबर को सोजत से लाई गई करीब 3500 किलो मेहंदी भगवान गणेश को अर्पित की जाएगी। शाम 7:30 बजे से मेहंदी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसी दिन गजानन महाराज को विशेष स्वर्ण मुकुट, नौलखा हार और विशेष पोशाक धारण कराई जाएगी।

गणेश चतुर्थी के दिन 14 सितंबर को श्रद्धालुओं को 19 घंटे से अधिक समय तक दर्शन होंगे। मंगला आरती सुबह 5 बजे, शृंगार आरती 11:30 बजे, भोग आरती दोपहर 2:15 बजे और संध्या आरती शाम 7 बजे होगी। रात 11:40 बजे शयन आरती होगी। दोपहर 1:30 से 2 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे।

उत्सव के अंतिम दिन 15 सितंबर को शाम को भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा मोतीडूंगरी मंदिर से रवाना होकर एमडी रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार और नाहरगढ़ रोड होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेगी।

श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में प्रवेश जेएलएन मार्ग, एमडी रोड और तख्तेशाही रोड से होगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जेडीए सर्किल, भैरव पथ और रिजर्व बैंक के पास बैरिकेडिंग की जाएगी। 15 सितंबर को शोभायात्रा के दौरान जुलूस के मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश