अलवर में दो चरणों में होगा निकाय चुनाव
अलवर, 19 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में लंबे समय से इंतजार किए जा रहे नगर निकाय चुनाव का कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को घोषित कर दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव राजेश वर्मा ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा, जबकि सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को कराई जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
कार्यक्रम के अनुसार अलवर जिले में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में 9 सितंबर को अलवर नगर निगम सहित पांच निकायों में मतदान होगा।
9 सितंबर को यहां होगा मतदान
- अलवर नगर निगम
- रामगढ़ नगर पालिका
- नौगावा नगर पालिका
- मालाखेड़ा नगर पालिका
- बहादुरपुर नगर पालिका
इसके बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण में अलवर जिले के अन्य नगर निकायों में मतदान कराया जाएगा।
11 सितंबर को यहां होगा मतदान
- कठूमर नगर पालिका
- खेड़ली नगर पालिका
- थानागाजी नगर पालिका
- राजगढ़ नगर पालिका
- लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका
- गोविंदगढ़ नगर पालिका
- बड़ौदामेव नगर पालिका
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही अब स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। वार्डों के आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदार अब राजनीतिक दलों से टिकट हासिल करने के लिए सक्रिय हो गए हैं।
भाजपा और कांग्रेस सहित प्रमुख राजनीतिक दलों में टिकट के लिए दावेदार प्रदेश नेतृत्व से लेकर स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों तक संपर्क साधने में जुटेंगे। कई संभावित प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड में जनसंपर्क बढ़ाने के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटेंगे।
नगर निगम में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अपनी-अपनी रणनीति तैयार करेंगे। वहीं टिकट वितरण के बाद बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका भी चुनावी मुकाबले को रोचक बना सकती है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम घोषित किए जाने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। अब राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनाव प्रचार करना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

