home page

नए पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम, 11 मई से आंधी-बारिश के आसार

 | 
नए पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम, 11 मई से आंधी-बारिश के आसार


जयपुर, 08 मई (हि.स.)। प्रदेश में आगामी दिनों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 11 मई से राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव से लोगों को तेज गर्मी और हीटवेव से राहत मिल सकती है।

शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। कई शहरों के अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखने को मिली। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है और फलौदी, बाड़मेर तथा जैसलमेर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान फलौदी में रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के 17 शहरों का दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा, जबकि 11 शहरों में रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 11 और 12 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। 9 मई को विशेष रूप से जोधपुर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है तथा पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का प्रभाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने जोधपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस बीच गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दौसा में सर्वाधिक 25 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं जयपुर में देर रात आंधी के साथ हल्की बारिश होने से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई।

जयपुर के दिन के तापमान में 1.9 डिग्री जबकि रात के तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। शुक्रवार को राजधानी में दिनभर हल्के और छितराए बादल छाए रहे तथा मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। जयपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में तापमान में पुनः बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश