home page

ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही विकास और जागरूकता की नई लहर

 | 
ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही विकास और जागरूकता की नई लहर


जयपुर, 04 मई (हि.स.)। प्रदेश के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण समुदाय को आधुनिक कृषि, तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘ग्राम रथ अभियान’ के प्रथम सप्ताह में ही गांव-गांव विकास और जागरूकता की नई रोशनी पहुंचने लगी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर 27 अप्रैल से शुरू हुआ यह 15 दिवसीय अभियान किसानों को आगामी ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) 2026’ से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

राज्य सरकार द्वारा 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले ग्राम-2026 महाआयोजन में प्रदेशभर के किसानों और पशुपालकों को आधुनिक कृषि तकनीक, निवेश, नवाचार और वैश्विक विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिलेगा। इसी उद्देश्य से 183 विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्राम रथ अभियान चलाया जा रहा है।

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन 5 से 6 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां किसानों और ग्रामीणों को कृषि, पशुपालन, सिंचाई, सहकारिता, ऊर्जा, उद्योग और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के पहले सप्ताह में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला है। महिलाएं, युवा और किसान बड़ी संख्या में ग्राम रथ कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। संध्या चौपाल, कला जत्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी रोचक और प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा रही है।

ग्राम रथ अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की समग्र जानकारी सरलता से मिल रही है।

ग्राम रथों में सुझाव पेटिका की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा रहे हैं।

साथ ही राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के जरिए शिकायतों का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

राज्य सरकार का मानना है कि किसान, गांव और कृषि को सशक्त बनाकर ही आत्मनिर्भर राजस्थान और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में ग्रामीण विकास, जनसंवाद और किसान सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है।

अभियान के माध्यम से अब तक लाखों ग्रामीणों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा चुकी है और आने वाले दिनों में इसकी पहुंच और प्रभाव में और अधिक वृद्धि होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित