नए आयकर कानून अधिक सरल: गहलोत
जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। नए आयकर अधिनियम-2025 के प्रावधानों के संबंध में जागरूकता के लिए आयकर विभाग जोधपुर के टीडीएस प्रकोष्ठ की ओर से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर में मेगा जन-जागरूकता (आउटरीच) कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एडिशनल इनकम टैक्स कमिश्नर अरविंद कुमार गहलोत ने कहा कि भारत सरकार द्वारा आयकर अधिनियम-2025 से कर प्रावधानों का व्यापक सरलीकरण एवं स्पष्टीकरण किया गया है। इससे करदाताओं को सुविधा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि नए अधिनियम में आंकलन वर्ष एवं पूर्व वर्ष की व्यवस्था के स्थान पर एकीकृत टैक्स ईयर की अवधारणा लागू की गई है। इससे करदाताओं के लिए प्रक्रियाएं अधिक सरल एवं स्पष्ट होंगी। कार्यक्रम के दौरान इनकम टैक्स अधिकारी कैलाश कांकाणी एवं सतपाल यादव द्वारा आयकर अधिनियम-2025 के प्रमुख प्रावधानों एवं व्यावहारिक पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।
आयकर अधिकारियों ने दिए सवालों के जवाब
इस अवसर पर आयोजित इंटरेक्टिव सत्र में प्रतिभागियों को आयकर अधिकारियों से सीधे संवाद करने, प्रश्न पूछने तथा शंकाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। इस आउटरीच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य करदाताओं में नए कर प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं उनका अनुपालन को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में आयोजन अपर आयकर आयुक्त अरविंद कुमार गहलोत, आईआईटी जोधपुर निदेशक अविनाश कुमार अग्रवाल, आयकर अधिकारी कैलाश कांकाणी, सतपाल यादव, रजिस्ट्रार अंकुर गुप्ता, उप रजिस्ट्रार नरेश जोशी सहित संस्थान के संकाय सदस्य करदाता एवं सौ से अधिक प्रतिभागी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

