home page

भ्रामक विमर्श को तोड़ने और सज्जन शक्ति के जागरण की आवश्यकता : प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा

 | 
भ्रामक विमर्श को तोड़ने और सज्जन शक्ति के जागरण की आवश्यकता : प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा


उदयपुर, 29 नवंबर (हि. स.)। राष्ट्र विरोधी विमर्शों को तोड़ने के लिए सामान्य नागरिकों को राष्ट्र के समर्थन में जागरूक रहने और सज्जन शक्ति को जागृत करने की आवश्यकता है। यह विचार वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति उदयपुर के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने मेदपाट विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित विचार गोष्ठी में अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए व्यक्त किए।

भारत में अलगाववादी और आंदोलनजीवी संगठनों की हठधर्मिता विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में शिक्षाविदों, पूर्व सैन्य अधिकारियों और सामाजिक चिंतकों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की प्रस्तावना मंच के संयोजक प्रो. सुभाष भार्गव ने रखी।

प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने वैश्विक उदाहरणों के माध्यम से राष्ट्रवाद और विघटनकारी शक्तियों का विश्लेषण करते हुए सोवियत संघ के 15 टुकड़ों और युगोस्लाविया के 7 टुकड़ों में बंटने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वामपंथियों ने लैटिन अमेरिका में छोटे-छोटे आंदोलन शुरू किए और अमेरिका ने मिशनरी गतिविधियों के लिए बड़ा धन उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद के प्रसार की प्रतिक्रिया स्वरूप कई आंदोलन खड़े किए गए और नागालैंड में ईसाई राज्य की मांग उठी। प्रो. शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि जनजातियां और अनुसूचित जाति हिंदू नहीं हैं, इस गलत विमर्श को तोड़ने की सख्त आवश्यकता है।

संगोष्ठी में वक्ता के रूप में प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य रखते हुए बताया कि भारत में कालांतर में सामाजिक कुरीतियों, भक्ति आंदोलन और आपातकाल के विरुद्ध कई सकारात्मक आंदोलन हुए हैं। लेकिन हाल के वर्षों में किसान आंदोलन, जेएनयू आंदोलन, इंडिया अगेंस्ट करप्शन, शाहीन बाग और नीट परीक्षा से जुड़े आंदोलनों तथा इन आंदोलनों में अरुणा रॉय, अरविंद केजरीवाल, योगेंद्र यादव, मेधा पाटकर, प्रकाश राज, कुणाल कामरा और सोनम वांगचुक जैसे चुनिंदा चेहरों की भूमिका पर कई प्रश्न खड़े हुए हैं।

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के सह-आचार्य डॉ. बालूदान बारहठ ने कहा कि देश में अलगाववादी ताकतों का आरंभ तत्कालीन सत्ता की विफलताओं और राजनीतिक तुष्टीकरण के कारण हुआ। उन्होंने कश्मीर रियासत के पूर्ण विलय न होने और शेख अब्दुल्ला को अत्यधिक महत्व देने, पंजाब में अकाली दल को कमजोर करने के लिए भिंडरावाला को प्रोत्साहन देने तथा तमिलनाडु, असम, पूर्वांचल और नक्सलवाद के उभार के लिए तत्कालीन राजनीतिक व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने 18 मई 2014 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण के अवसर पर ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द गार्जियन' द्वारा लिखें संपादकीय लेख में अंतिम रूप से ब्रिटिश शासन का अंत को इंगित करते हुए बताया कि 2014 से पहले भारत को एक 'सॉफ्ट स्टेट' माना जाता था, जबकि इसके बाद केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रविरोधी हिँसक घटनाओं पर प्रभावी कार्यवाही से खालिस्तान समर्थक तत्वों द्वारा देश के बाहर गतिविधियों, नक्सलवादियों के 'अर्बन नक्सल' में बदलने और अलगाववादी ताकतों द्वारा स्वयं को आंदोलनकारी के रूप में प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति बढ़ी है।

अन्य वक्ताओं के रूप में ब्रिगेडियर हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि सरकारों की कमजोर इच्छाशक्ति और पड़ोसी मुल्कों की गतिविधियों पर समय रहते संज्ञान न लेने से अलगाववाद को बढ़ावा मिला तथा कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं है जैसा गलत विमर्श स्थापित किया गया। उन्होंने मदरसा स्कूलों पर व्यापक निगरानी रखने और शिक्षा के ठोस विकल्प प्रस्तुत करने की आवश्यकता जताई। पूर्वोत्तर राज्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश इसका अपवाद है, जहां हिंसक आंदोलन का इतिहास नहीं रहा है और इसका एक बड़ा कारण वहां रामकृष्ण मठ जैसी संस्थाओं का प्रभाव है, जबकि अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में ईसाई मिशनरियों के प्रभाव से अलगाववाद पनपा। ब्रिगेडियर हर्षवर्धन ने राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में जनसांख्यिकीय बदलाव और वागड़ क्षेत्र में धर्मांतरण को एक बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि हिंदू धर्म के व्यापक प्रसार, राष्ट्र चेतना के जागरण पर बल दिया।

गुरुनानक कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कोठारी ने प्रश्न उठाया कि कार्यपालिका और न्यायपालिका के भीतर आंदोलनों को भड़काने का कार्य अप्रत्यक्ष रूप से कौन कर रहा है इस पर निगरानी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसे आंदोलनों का विमर्श गलत रूप से स्थापित किया गया और आंदोलनकारियों द्वारा कानून तोड़ने पर सख्त कार्रवाई न होने से अराजक तत्वों को बढ़ावा मिलता है।

वनवासी कल्याण परिषद के प्रदेश मंत्री चंद्रेश बापना एवं एमपीयूएटी के पूर्व कुलपति प्रो. उमाशंकर शर्मा ने बताया कि वनवासी कल्याण परिषद एवं धर्म जागरण कार्यों से आदिवासी क्षेत्रों में धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगी है। वहीं राजस्थान कृषि महाविद्यालय के पूर्व अधिष्ठाता विश्वनाथ जोशी ने इन संघर्षों के पीछे इस्लामिक एवं हिंदू संस्कृति के टकराव को मुख्य कारण बताया, जबकि एमपीयूएटी के सेवानिवृत्त आचार्य प्रो. अभय मेहता ने जयप्रकाश आंदोलन और चिपको आंदोलन जैसे सकारात्मक जन-आंदोलनों का स्मरण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता