नटखट कान्हा और चुलबुली राधिका ने मोहा मन
जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पिंकसिटी प्रेस क्लब में ‘नटखट कान्हा-चुलबुली राधिका बाल गोपाल प्रतियोगिता’ आयोजित हुई। प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा और महासचिव राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता संयोजक निखलेश शर्मा के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में क्लब सदस्यों के बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। करीब 30 नन्हे कान्हा और राधिकाओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों ने ‘बोल राधा बोल’, ‘वो कृष्णा है’, ‘राधिका गौरी से’, ‘मैया मेरी मैं नहीं माखन खाया’, ‘छोटी-छोटी गैय्या, छोटे-छोटे ग्वाल’ सहित विभिन्न ब्रज गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर सभागार में मौजूद सदस्यों का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन भी किया, जिससे माहौल कृष्णमय हो गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक आयुषी शेखावत, नवल किशोर डांगी और अनिल मारवाड़ी ने विभिन्न आयु वर्गों में विजेताओं का चयन किया। 0-5 वर्ष वर्ग में अंश प्रथम, ईरा द्वितीय और श्रेयांश तृतीय रहे। 5-10 वर्ष वर्ग में भाविका प्रथम, जीया द्वितीय और ख्याति तृतीय तथा 10-15 वर्ष वर्ग में परी टिंकर प्रथम, हिमांगी द्वितीय और कनिका-इशिता तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को बैग, बोतल, टिफिन और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
अध्यक्ष मुकेश मीणा ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि क्लब में आगे भी पारिवारिक एवं कैलेंडर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों के लिए सर्दियों में विंटर फेस्टिवल भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र शर्मा ‘राजू चाचा’ ने किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. मोनिका शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह राजावत, कार्यकारिणी सदस्य अनीता शर्मा, विकास आर्य, पूर्व महासचिव हरीश गुप्ता, मुकेश चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

