home page

किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति किया जागरूक

 | 
किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति किया जागरूक


जोधपुर, 24 जून (हि.स.)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) के वैज्ञानिकों द्वारा जोधपुर जिले के घंटियाला गांव में खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में गांव के उप सरपंच सहित कुल 30 किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई, जिससे मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने तथा फसल उत्पादकता में सुधार लाने में सहायता मिलती है। वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती पद्धतियों, उन्नत बीजों के उपयोग तथा फल एवं वानिकी उत्पादों के माध्यम से कृषि उद्यम विविधीकरण के बारे में भी जागरूक किया।

वैज्ञानिकों ने बताया कि उर्वरकों का संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाना तथा कृषि आधारित विविध उद्यमों को बढ़ावा देना शुष्क क्षेत्रों में किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी सहायक सिद्ध हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा अपनी खेती से जुड़ी समस्याओं एवं अनुभवों को काजरी वैज्ञानिकों के साथ साझा किया। कार्यक्रम के अंत में किसानों से वैज्ञानिक सिफारिशों एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया गया, ताकि कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं जलवायु अनुकूल बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश