राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून से
जयपुर, 24 जून (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ 28 जून (रविवार) से किया जाएगा। इस अभियान के तहत जयपुर प्रथम और जयपुर द्वितीय क्षेत्र में नवजात से लेकर 5 वर्ष तक के 8 लाख 86 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन जिलेभर में कुल 6711 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, इसके बाद आगामी दिनों में घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि उनके क्षेत्र में 2647 बूथों पर 4 लाख 26 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि उनके क्षेत्र में 4064 बूथों पर 4 लाख 60 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आरसीएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि अभियान के लिए 14 हजार 546 वैक्सीनेटर, 816 सुपरवाइजर, 153 ट्रांजिट टीमें और 635 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। वहीं जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. आशा मीणा ने बताया कि उनके क्षेत्र में 737 सुपरवाइजर, 140 ट्रांजिट टीमें और 177 मोबाइल टीमें अभियान में कार्य करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान को सफल बनाएं। अभियान के दौरान जिला स्तरीय अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करेंगे तथा आगामी दिनों में गठित टीमें घर-घर जाकर वंचित बच्चों को दवा पिलाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

