राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता के सुरों से गूंजा जयपुर
जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जयपुर के शास्त्री नगर में आयोजित क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन हुआ। भारत विकास परिषद, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी शामिल हुईं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और भारतीय लोक संस्कृति की सुंदर अभिव्यक्ति है। ऐसे आयोजन युवाओं में देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खण्डेलवाल, राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री विनीत गर्ग, राष्ट्रीय संयोजक संस्कार डॉ. त्रिभुवन शर्मा, क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी, प्रांत महासचिव ओम प्रकाश रावत, शाखा अध्यक्ष शंकर दायमा सहित परिषद के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया और आयोजन राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

