home page

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जयपुर में होंगे विशेष जागरूकता अभियान

 | 
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जयपुर में होंगे विशेष जागरूकता अभियान


जयपुर, 14 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर आगामी 16 मई को जयपुर प्रथम एवं जयपुर द्वितीय जिले में व्यापक जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस “डेंगू नियंत्रण के लिए जन भागीदारी: जाँच करें, सफाई करें और ढकें” थीम पर मनाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत एवं जयपुर द्वितीय के सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्वास्थ्यकर्मी एंटीलार्वा गतिविधियां, सर्वे, सैम्पलिंग, एंटी एडल्ट गतिविधियां एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

उन्होंने बताया कि आमजन को मच्छरों की उत्पत्ति और रोकथाम की जानकारी देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लार्वा प्रदर्शन भी किए जाएंगे। साथ ही बुखार से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उनके सैंपल लिए जाएंगे। लोगों को डेंगू से बचाव, साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों को पनपने से रोकने के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. इंद्रा गुप्ता एवं डॉ. सुरेन्द्र कुमार गोयल ने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए पानी के बर्तनों को खुला नहीं छोड़ना चाहिए। घरों में किचन और बाथरूम को सूखा रखना जरूरी है तथा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि बुखार आने पर बिना देरी चिकित्सक से संपर्क कर उचित उपचार लें।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य डेंगू नियंत्रण में जनभागीदारी बढ़ाते हुए लोगों को समय रहते सतर्क और जागरूक बनाना है, ताकि मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश