देश में पहली बार जयपुर में होगा राष्ट्रीय गोबर अर्थव्यवस्था सम्मेलन
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। गौशालाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, प्राकृतिक खेती को नई गति देने और गोबर आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था का राष्ट्रीय मॉडल विकसित करने की दिशा में देश में पहली बार एक ऐतिहासिक पहल होने जा रही है।
आगामी 16 अगस्त 2026 को सांगानेर स्थित वैदिक पादक औषधीय केन्द्र, श्री पिंजरापोल गौशाला परिसर में ‘राष्ट्रीय गौ-आधारित प्राकृतिक कृषि एवं गोबर अर्थव्यवस्था प्रशिक्षण एवं संकल्प सम्मेलन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। गोबर अर्थव्यवस्था विषय पर केंद्रित यह देश का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन होगा।
अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक एवं अखिल भारतीय जैविक किसान उत्पादक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता ने बुधवार को गणेश निमंत्रण देने के बाद काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना कर तैयारियों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सम्मेलन के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया। यह सम्मेलन अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद, अखिल भारतीय जैविक किसान उत्पादक संघ, अंतरराष्ट्रीय उन्नत कृषि कौशल विकास संस्थान तथा हैनिमैन चैरिटेबल मिशन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें देशभर के कृषि वैज्ञानिक, एफपीओ, नीति-निर्माता और गौसेवक हिस्सा लेंगे।
डॉ. अतुल गुप्ता सम्मेलन में मिशन-2030 की घोषणा करेंगे, जिसका उद्देश्य गौशालाओं को केवल संरक्षण केंद्र न रखकर जैविक कृषि, कौशल विकास और रोजगार सृजन के सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करना है। सम्मेलन के दौरान इस विशेष राज्य स्तरीय मिशन का भी शुभारंभ किया जाएगा। सम्मेलन के समापन पर एक ऐतिहासिक घोषणा-पत्र पारित किया जाएगा, जिसमें गौ-आधारित उद्योगों और जैविक खेती के विकास के लिए राष्ट्रीय नीति निर्माण से जुड़े संकल्प शामिल होंगे। गौसेवा और प्राकृतिक कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली देश की 11 चयनित गौशालाओं को ‘विशेष गौशाला सम्मान-2026’ से नवाजा जाएगा। प्रत्येक गौशाला को 11,000 रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न दिया जाएगा।
आयोजन से जुड़ी मोनिका गुप्ता ने बताया कि इस सम्मेलन का मूल उद्देश्य गोबर और गोमूत्र को आर्थिक संसाधन के रूप में स्थापित करना है। इससे किसानों की खेती की लागत घटेगी, गौशालाओं की आय बढ़ेगी और ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

