home page

एमसीपीआईयू का राष्ट्रीय कन्वेन्शन आरंभ : वैश्विक खुशहाली के लिए समाजवाद ही एकमात्र विकल्प

 | 
एमसीपीआईयू का राष्ट्रीय कन्वेन्शन आरंभ : वैश्विक खुशहाली के लिए समाजवाद ही एकमात्र विकल्प


जोधपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। भारत की माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (यूनाइटेड) का दो दिवसीय राष्ट्रीय कन्चेन्शन सोमवार को मेघवाल छात्रावास मसूरिया में आरंभ हुआ।

सर्वप्रथम उद्घाटन व झण्डारोहण की रस्म अदायगी के पश्चात उद्घाटन सत्र को कुलदीप सिंह, अशोक, प्रेमसिंह भंगू, गोपीकिशन, विजय चौधरी, बृजकिशोर, रामपाल सैनी, किरणजीतसिंह सहित विभिन्न प्रांतों से आए पदाधिकारीयों ने सम्बोधित किया। वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक तरफ अमेरिकी साम्राज्यवाद और उसके यूरोपीय सहयोगियों और दूसरी तरफ चीन और उसके सहयोगियों के बीच बढ़ते ट्रेड और टैरिफ वॉर की वजह से अंतरराष्ट्रीय हालात खतरनाक और कमजोर होते जा रहे हैं।

नस्लीय समस्याएं भी दुनिया को परेशान कर रही है, वह भी अमेरिका और पश्चिमी यूरोपीय देशों जैसे तथाकथित विकसित देशों में। भाजपा नीत एनडीए सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद देश की आर्थिक स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। बेरोजग़ारी, गरीबी और भुखमरी की समस्याएं अर्थव्यवस्था की हमेशा रहने वाली बात बन गई हैं। जरूरी चीजों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों, खासकर गरीब लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है, जिससे उनके गुज़ारे पर भी खतरा पैदा हो गया है. जिसकी वजह से आत्महत्या के मामले बढ़ रहे हैं। गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों की समस्याओं को हल करने के बजाय, भाजपा नीत एनडीए सरकार साम्प्रदायिक एजेण्डे को आगे बढाकर धर्म के आधार पर लोगों के बाट रही है।

केंद्र सरकार और उसकी सहयोगी राज्य सरकारों ने मजदूरों और किसानों की असली मांगों को भी दबाने का रास्ता अपनाया है। वक्ताओं ने कहा कि इन परिस्थितियों में केवल वामपंथी और लोकतांत्रिक पार्टियां ही एक विकल्प दे सकती है। उन्होंने सभी वामपंथी व लोकतांत्रिक पार्टियों से साथ आने की अपील की। पूरी दुनियां की खुशहाली के लिये समाजवाद ही एकमात्र विकल्प है। कन्वेन्शन को स्वागत समिति के महासचिव बृजकिशोर, उपाध्यक्ष किशोर व्यास आदि ने भी सम्बोधित कर अतिथियों का स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश