सर्वोदयी पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष बने नरेंद्र सर्वोदयी
जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। सर्वोदयी पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के रविवार को संपन्न हुए चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र सर्वोदयी सर्वसम्मति से समिति के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुई।
चुनाव अधिकारी के रूप में पूर्व एसडीएम एवं भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी उम्मेद सिंह राजावत तथा सहायक जनसंपर्क निदेशक हेमंत सिंह ने चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र सर्वोदयी इससे पूर्व चार वर्षों तक समिति के महासचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी को साथ लेकर कॉलोनी के विकास कार्यों को गति दी जाएगी तथा सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में सिटी बस सेवा का विस्तार, सामुदायिक केंद्र में पुस्तकालय की स्थापना तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समिति के सतत प्रयासों से कॉलोनी में सीवर लाइन का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

