नृसिंह जयंती गुरुवार को, मलूका उत्सव मनाया जाएगा
जोधपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। वैदिक पंचांग के अनुसार वैशाख शुक्ल चतुर्दशी तीस अप्रैल को होने से इसी दिन नृसिंह जयंती मनाई जाएगी। भगवान विष्णु के उग्र एवं रक्षक स्वरूप नृसिंह की पूजा-अर्चना से भय से मुक्ति, शत्रुओं पर विजय और नकारात्मक शक्तियों से रक्षा की मान्यता है।
शहर के गंगश्यामजी मंदिर, मोती चौक नृसिंह मंदिर और सिटी पुलिस मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजन होंगे। मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी के रूप में ठंडाई का वितरण किया जाएगा। भीतरी शहर स्थित गंगश्यामजी मंदिर में मलूका उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मुखौटों का रंग-रोगन किया गया है। तीस अप्रैल को शाम करीब 5 बजे भारी भरकम मुखौटा धारण कर युवा मलूका के रूप में हिरण्यकश्यप का तांडव करेंगे। सिटी पुलिस क्षेत्र के लक्ष्मी-नृसिंह मंदिर में सुबह 11 बजे कथा वाचन होगा। दोपहर 12 बजे महाआरती और धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

