home page

शिक्षकों को बाल अधिकार व कानूनों को लेकर दिया प्रशिक्षण

 | 
शिक्षकों को बाल अधिकार व कानूनों को लेकर दिया प्रशिक्षण


जोधपुर, 27 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के विशेष अभियान सुरक्षित बचपन के तहत् आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला द्वारा बिलाड़ा, बालेसर, पीपाड़, ओसियां, भोपालगढ़ व शेरगढ़ में स्थित राजकीय व गैर राजकीय विद्यालयों के अध्यापकों को बच्चों से संबंधित कानूनों के बारे में प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्रशिक्षक के रूप में तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष द्वारा उपस्थित अध्यापकों को उक्त अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। तत्पश्चात् बतौर प्रशिक्षक पैनल अधिवक्ता भानूप्रकाश दाधीच ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 व राज्य सरकार द्वारा संचालित राजस्थान पीडि़त प्रतिकर स्कीम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इसी क्रम में प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश जोधपुर महानगर राकेश रामावत ने उपस्थित अध्यापकों को मेरा बचपन मेरा अधिकार, कानून जानो बचपन बचाओ, सुरक्षित क्लिक सुरक्षित बचपन, बोलो बताओ बचाओ, न बाल विवाह न बाल शोषण, जागरूक बचपन जागरूक भारत विषयों के बारे अवगत कराया।

वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश जोधपुर जिला डॉ. मनीष हरजाई ने उक्त अभियान के महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी दी। साथ ही छात्र-छात्राओं के साथ शारीरिक व यौन दुव्र्यवहार करने, मानसिक-भावनात्मक दुव्र्यवहार करने के संबंध में बने कानून यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरण की गतिविधियों नि:शुल्क विधिक सहायता, नालसा-रालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं नालसा डाउन स्कीम, बाल विवाह रोकथाम इत्यादि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश