home page

नाहरगढ़ जैविक उद्यान में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, व्हाइट टाइगर सफारी बना मुख्य आकर्षण

 | 
नाहरगढ़ जैविक उद्यान में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, व्हाइट टाइगर सफारी बना मुख्य आकर्षण


जयपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में रविवार को सुहावने मौसम और अवकाश के चलते पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कुल 1704 पर्यटकों ने उद्यान का भ्रमण कर वन्यजीवों का नजदीक से दीदार किया। इस दौरान लायन सफारी और टाइगर सफारी पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण रहीं, जहां 216-216 सैलानियों ने रोमांचक अनुभव प्राप्त किया।

उप वन संरक्षक विजयपाल सिंह ने बताया कि विशेष रूप से व्हाइट टाइगर ‘भीम’ और उसकी गोल्डन बहन टाइग्रेस ‘स्कंधी’ को पहली बार टाइगर सफारी में छोड़ा गया, जिससे पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि नाहरगढ़ जैविक उद्यान राजस्थान का पहला ऐसा स्थल बन गया है, जहां व्हाइट टाइगर सफारी का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक इन बाघों को केवल जैविक उद्यान परिसर में ही देखा जा सकता था, लेकिन सफारी क्षेत्र में उनकी मौजूदगी से पर्यटकों का आकर्षण और बढ़ गया है।

विजयपाल सिंह ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसीएफ देवेंद्र सिंह राठौड़ और रेंजर शुभम शर्मा द्वारा रविवार को सफारियों की मॉनिटरिंग कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। टूरिज्म मैनेजमेंट टीम द्वारा टिकटिंग, वाहन सुविधा, दिशा-निर्देश, भीड़ नियंत्रण और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं। उन्होंने बताया कि सतत निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण नाहरगढ़ जैविक उद्यान राज्य के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शामिल हो चुका है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटकों को शिक्षाप्रद और मनोरंजक अनुभव भी प्रदान कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश