home page

राजस्थान यूथ डायलॉग’ में मुख्यमंत्री का संवाद, बोले-युवा शक्ति ही देश की दिशा तय करेगी

 | 
राजस्थान यूथ डायलॉग’ में मुख्यमंत्री का संवाद, बोले-युवा शक्ति ही देश की दिशा तय करेगी


राजस्थान यूथ डायलॉग’ में मुख्यमंत्री का संवाद, बोले-युवा शक्ति ही देश की दिशा तय करेगी


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं और वही देश की दशा और दिशा तय करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हर कदम पर साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट-राजस्थान यूथ डायलॉग’ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवा नीति लागू करने जैसे निर्णयों के लिए सरकार का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 75 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें राज्य के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार ने चार लाख भर्तियों के लक्ष्य के तहत अब तक एक लाख 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, वहीं निजी क्षेत्र में तीन लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

इसके अलावा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

पेपर लीक जैसे मामलों पर सख्ती दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने जांच के लिए एसआईटी गठित कर 420 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पिछले दो वर्षों में 351 से अधिक परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य कौशल नीति-2025 और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए राजस्थान युवा नीति-2025 लागू की गई है।

इसके साथ ही कोटा, उदयपुर, जयपुर, बीकानेर और अजमेर में युवा साथी केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां युवाओं को करियर मार्गदर्शन और मानसिक स्वास्थ्य सहायता दी जा रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में एक लाख यंग लीडर्स तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। ‘माय भारत’ पहल युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़ सहित 900 से अधिक चयनित प्रतिभागी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित