home page

मुहाना मंडी में 3640 किलो सरसों तेल सीज, मिलावट की आशंका पर कार्रवाई

 | 
मुहाना मंडी में 3640 किलो सरसों तेल सीज, मिलावट की आशंका पर कार्रवाई


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को मुहाना मंडी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3640 किलो सरसों तेल सीज किया। कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने मुहाना मंडी स्थित मैसर्स कमल एंड कंपनी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग द्वारा सप्लाई किए गए टैगोर ब्रांड एवं विधि ब्रांड सरसों तेल के रंग और खुशबू में संदिग्धता नजर आने पर मिलावट की आशंका हुई। इसके बाद तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।

उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक करीब 3640 किलो सरसों तेल को सीज कर फर्म के प्रोपराइटर को उक्त स्टॉक की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान टैगोर ब्रांड के 90 टीन, 5 लीटर क्षमता के 80 प्लास्टिक जार, 2 लीटर के 240 जार, 1 लीटर के 600 जार तथा आधा लीटर क्षमता के 480 जार सीज किए गए। वहीं विधि ब्रांड के 22 टीन, 1 लीटर के 120 प्लास्टिक जार और आधा लीटर क्षमता के 240 जार भी जब्त किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ब्रांड का सरसों तेल जयपुर के आकेड़ा डूंगर, लक्ष्मीनारायणपुरा और वीकेआई औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग में तैयार किया गया था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार टैगोर ब्रांड सरसों तेल के नमूने पूर्व में भी मिलावटी पाए जा चुके हैं।

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर शामिल रहे। विभाग ने कहा कि प्रदेशभर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश