home page

अलवर सांसद खेल महोत्सव समर कैंप का शुभारंभ: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बालिकाओं के खेल और स्किल डेवलपमेंट पर दिया जोर

 | 
अलवर सांसद खेल महोत्सव समर कैंप का शुभारंभ: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बालिकाओं के खेल और स्किल डेवलपमेंट पर दिया जोर


अलवर सांसद खेल महोत्सव समर कैंप का शुभारंभ: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बालिकाओं के खेल और स्किल डेवलपमेंट पर दिया जोर


जयपुर/बहरोड़ , 06 जून (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शनिवार को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ अलवर सांसद खेल महोत्सव समर कैंप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के ऊर्जावान, प्रतिभावान एवं उत्साही युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास के विकास का सशक्त आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

दीया कुमारी ने विशेष रूप से बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि राजस्थान स्तर पर ऐसे कार्यक्रमों का अधिक से अधिक आयोजन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियों में अपार प्रतिभा होती है, उन्हें केवल उचित अवसर और मंच प्रदान करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने की भी बात कही।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अलवर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार इसे और विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अलवर टाइगर मैराथन को टाइगर संरक्षण और पर्यटन से जोड़ने की पहल को भी सराहनीय बताया।

अपने पसंदीदा खेलों के बारे में पूछे गए सवाल पर दीया कुमारी ने कहा कि बचपन से उन्हें बैडमिंटन, बास्केटबॉल और कबड्डी खेलना पसंद रहा है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे खेल भावना विकसित होगी और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

कार्यक्रम में आरपीएस ग्रुप के सीईओ मनीष राव, विराट नगर विधायक कुलदीप धनखड़, बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह , जिला प्रमुख बलबीर सिंह , पूर्व विधायक जय राम जाटव , अलवर दक्षिण जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता , अलवर उत्तर जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, एडहॉक कमेटी के अध्यक्ष मोहित यादव , डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, वी-शक्ति ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रज्ञा यादव, बालक-बालिकाएं, कोच तथा स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश