home page

मोदी सरकार की उपलब्धियों के साथ सत्ता रिपीट के लिए भाजपा का मिशन ग्राउंड कनेक्ट शुरु

 | 
मोदी सरकार की उपलब्धियों के साथ सत्ता रिपीट के लिए भाजपा का मिशन ग्राउंड कनेक्ट शुरु


जयपुर, 15 जून (हि.स.)।

जयपुर। राजस्थान में मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों के कार्यक्रमों के साथ प्रदेश भाजपा ने व्यापक जनसम्पर्क महाअभियान 'मिशन ग्राउंड कनेक्ट' शुरू कर दिया है।

संगठन के निर्देश के अनुसार एक पेड़ माँ के नाम, जनसंवाद, प्रबुद्ध वर्ग से सम्पर्क और बूथ के कार्यकर्ताओं के बीच रहकर उनमें जोश फूंकने के लिए जयपुर शहर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा ने सोमवार को आदर्शनगर विधानसभा में प्रवास किया है।

इस प्रवास कार्यक्रम के दौरान सांसद एक दिन और एक रात कार्यकर्ताओं के बीच रही। उन्होंने कार्यकर्ता के घर ही खाना खाया और रात्रि विश्राम उनके घर किया।

सांसद मंजू शर्मा ने सोमवार को आदर्शनगर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। फिर सूरजपोल मंडल में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने आदर्श नगर मंडल में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनसे चर्चा की। इसके साथ ही बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं का अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों तक लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

सांसद ने आदर्श नगर और सूरजपोल मंडल में क्षेत्र के प्रबुद्धजनों और पेशेवर लोगों के समूहों से संवाद किया। सरकार कीयोजनाओं के बारे में बातचीत की, सुझाव लिए और उनकी समस्याओं का भी निस्तारण कराया। इस दौरान क्षेत्र के मंदिरों में दर्शन और पूजा करके देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की और सन्त महन्तो का आशीर्वाद लिया। सामाजिक संगठन और समाजसेवियों से बातचीत की, मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताकर उनका लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे वंचित तक पहुंचाकर राष्ट्रीय कर्त्तव्य का निर्वहन करने का आहवान किया। उन्होंने मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया।

गौरतलब है कि मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के कार्यक्रमों के साथ ही साथ ही राजस्थान भाजपा ने अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है। प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार के नेतृत्व में शुरू हुए मिशन ग्राउंड कनेक्ट अभियान के तहत भाजपा अब सरकार की योजनाओं, संगठन की सक्रियता और जनता के मूड का जमीनी आकलन कर रही है।

इसी अभियान के तहत सांसद मंजू शर्मा अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर रही है।

इस मौके पर सांसद मंजू शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष देश के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। हमें सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और जनता के बीच जाकर उनकी अपेक्षाओं को भी समझना है।

राजनीतिक विश्लेषकों का अनुसार भाजपा इस ' मिशन ग्राउंड कनेक्ट'अभियान को केवल जनसंपर्क कार्यक्रम नहीं बल्कि राजनीतिक फीडबैक मिशन के रूप में देख रही है। सांसद और विधायक डॉक्टरों, वकीलों, व्यापारियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और संत-महात्माओं से भी संवाद कर क्षेत्र का सामाजिक और राजनीतिक माहौल समझने की कवायद शुरु की गई है। उनका कहना है कि राजस्थान में हर चुनाव में सत्ता परिवर्तन की परंपरा रही है। ऐसे में भाजपा समय से पहले ही संगठन और सरकार दोनों की जमीनी स्थिति का आकलन कर सत्ता रिपीट की रणनीति पर काम कर रही है। मिशन ग्राउंड कनेक्ट को इसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

इस मिशन ग्राउंड कनेक्ट के जरिए भाजपा जनता का मूड, कार्यकर्ताओं का मनोबल और सरकार की जमीनी हकीकत जानने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में यह अभियान पूरे प्रदेश में तेज होता नजर आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश