सांसद बेनीवाल ने की रिफाइनरी आग की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
जोधपुर, 29 जून (हि.स.)। बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से ठीक पहले आग लगने की घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक थी। उन्होंने इस हादसे की जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। ताकि लोगों को यह जानकारी मिल सके कि आग लगने का वास्तविक कारण क्या था और लापरवाही के लिए किसके खिलाफ कार्रवाई की गई। सांसद ने मांग की है कि जांच रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जोधपुर में मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री के चार जुलाई के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि इस बार पहले किए गए वादों और लंबित कार्यों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। सीएसआर फंड का अब तक अपेक्षित उपयोग नहीं हुआ है। बेनीवाल ने दावा किया कि रिफाइनरी की प्रारंभिक लागत 36 हजार करोड़ से बढक़र करीब 80 हजार करोड़ रुपये हो गई है।
रिफाइनरी का मुख्य संयंत्र तैयार है, लेकिन पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का काम अभी भी अधूरा है और इसे पूरी तरह चालू होने में दो से ढाई वर्ष और लग सकते हैं। सांसद ने कहा कि रिफाइनरी का पहली बार 2013 में शिलान्यास हुआ था, जबकि बाद में 2018 में दोबारा शिलान्यास किया गया। इस बार प्रधानमंत्री के हाथों रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित होगी।
बाड़मेर एयरपोर्ट का मुद्दा उठाते हुए सांसद ने कहा कि उड़ान योजना में चयन होने के बावजूद परियोजना पर अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। भूमि अधिग्रहण तक का कार्य शुरू नहीं हुआ है और सरकार केवल घोषणाएं करती रही है। बाड़मेर एयरपोर्ट का निर्माण जल्द शुरू कर नियमित हवाई सेवाएं प्रारंभ की जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

