home page

पूर्वी राजस्थान में एक सप्ताह एक्टिव रहेगा मानसून, जयपुर में 1 इंच से जयादा बारिश

 | 
पूर्वी राजस्थान में एक सप्ताह एक्टिव रहेगा मानसून, जयपुर में 1 इंच से जयादा बारिश


जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। मानसून एक्टिव रहने से प्रदेश में लगातार बारिश का दौर बना हुआ है। शुक्रवार को जयपुर सहित 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश चूरू के राजगढ़ में 70 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा तीन शहरों में दो इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। आगामी एक सप्ताह पूर्वी राजस्थान में मानसून एक्टिव रहेगा। 15 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जयपुर, बीकानेर, अलवर, पिलानी, सीकर, चूरू, डूंगरपुर, संगरिया, दौसा, बारां, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं और सवाईमाधोपुर में बारिश देखने को मिली। अलवर के थानागाजी में 63, सीकर के श्रीमाधोपुर में 61, कोटकासिम में 50 और नीमराणा में 57 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सीकर के श्रीमाधोपुर कस्बे में सुबह तेज बारिश के कारण प्रमुख बाजारों में 3 फीट तक पानी भर गया। नीमकाथाना शहर सहित आस-पास के इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई। चूरू के सादुलपुर में सुबह तेज बरसात के कारण कई इलाकों में 4 फीट तक पानी भर गया। इस दौरान कई घरों में पानी घुस गया और सीवरेज लाइन भी धंस गई। धौलपुर के राजाखेड़ा में तेज बारिश के बाद कई कॉलोनियों की सड़कें डूब गईं। पार्वती नदी का जलस्तर बढऩे के बाद अलर्ट जारी किया गया है।

भरतपुर के सबसे बड़े बरेठा बांध का जलस्तर 26.60 फीट तक पहुंच गया है। बांध की भराव क्षमता 29 फीट है। कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश से जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। गेज 27 फीट तक पहुंचा तो कभी भी गेट खोले जा सकते हैं। इसके चलते कुकुंद नदी के बहाव क्षेत्र वाले 50 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उधर, नदबई में सुबह बरसात के कारण दो मकानों का बड़ा हिस्सा ढह गया। 39.6 डिग्री के साथ बीकानेर का दिन और 28.9 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि ऊपरी परिसंचरण तंत्र आज भी उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी भागों व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। एक और परिसंचरण तंत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आसपास के पूर्वी भारत के ऊपर बना हुआ है इसके आगामी 24 घंटों में तीव्र होकर कम दबाव का क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। आज मानसून ट्रफ लाइन श्री गंगानगर, दिल्ली से होकर गुजर रही है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मानसून सक्रिय रहने व बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती है। 8-10 अगस्त को भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान पूर्वी भागों के एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की भी संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 8 से 10 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। 15 अगस्त से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।

जयपुर में गुरुवार देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी रुक-रुक कर चलता रहा। इस दौरान जयपुर में एक इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। देर रात तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया, इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को जयपुर के चौमूं में 41 और बस्सी में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। आंधी बारिश से जयपुर के पारे में 3 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश