राजस्थान में मानसून फिर रूठा, 40 डिग्री तक पहुंचा पारा; अब 2 सितंबर से बारिश की उम्मीद
जयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून की बेरुखी फिलहाल जारी है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। श्रीगंगानगर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पिलानी, चूरू, फलोदी, बीकानेर और जैसलमेर में भी तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा। हालांकि कई शहरों में हल्की हवा चलने से तापमान में मामूली गिरावट आई और उमस से कुछ राहत मिली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक सितंबर तक प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद मौसम करवट ले सकता है। बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट के पास बना नया निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके प्रभाव से दो सितंबर से राजस्थान समेत मानसून के मुख्य क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम केंद्र जयपुर ने भी अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान धूप निकलने और तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में फिलहाल राजस्थान में बारिश का इंतजार जारी रहेगा, लेकिन बंगाल की खाड़ी का नया सिस्टम उम्मीद की नई किरण लेकर आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

