home page

दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से मानसून का शुभागमन, पहले ही दिन तीन संभागों में छाया

 | 
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से मानसून का शुभागमन, पहले ही दिन तीन संभागों में छाया


जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मानसून ने गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी हिस्सों से राजस्थान में प्रवेश किया। मानसून ने पहले ही दिन तीन संभागों के जिलों को कवर कर लिया। हालांकि बारिश का दौर थोड़ा धीमा रहा। वर्तमान में मानसून के आगे बढऩे के लिए उपयुक्त स्थितियां बनी हुई है। विशेष बात यह है कि इससे पहले 2020 में मानसून तय समय से एक दिन पहले आया था और तीन दिन में ही पूरे राजस्थान को कवर कर लिया था। गुरुवार को प्रदेश के एक दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश चित्तौडग़ढ़ में दर्ज की गई।

प्रदेश में मानसून सामान्य से सात दिन देरी से आया, लेकिन आने के बाद रफ्तार के घोड़े पर सवार है। मानसून ने पहले ही दिन करीब 10 शहरों को कवर कर लिया। मानसून आते ही भरतपुर, कोटा और जयपुर संभागों के जिलों में छा गया और इन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो गया। साल 2020 में मानसून कुछ इसी गति से राजस्थान में आया था और तीन दिन में ही पूरे राजस्थान को कवर कर लिया था। कोरोना काल के साल 2020 में औसत से ज्यादा बारिश हुई थी। उस साल सबसे ज्यादा बारिश पश्चिम राजस्थान में हुई थी। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्से सूखे रहे थे।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अजमेर, जयपुर, चित्तौडग़ढ़, डबोक, डूंगरपुर, करौली, प्रतापगढ़, दौसा सहित अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। 43 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 32.2 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश के 9 शहरों का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर के अलावा फलौदी, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, लूणकरणसर और पाली का दिन का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। प्रदेश के पांच शहरों का रात का पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सामान्य से 7 दिन की देरी से दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के पूर्वी भागों में पहुंच गया है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा टोंक, जयपुर, अलवर से होकर गुजर रही है। आगामी 2-3 दिनों में राज्य के कुछ और भागों में मानसून के आगे बढऩे की प्रबल संभावना है। गुरुवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राज्य के जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 5-7 दिन मानसून सक्रिय रहने व अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी व कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी आगामी दिनों में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश