विभिन्न मंदिरों में भक्तिभाव से मनाई गई मोहिनी एकादशी
जयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख शुक्ल पक्ष की मोहिनी एकादशी सोमवार को मोहिनी एकादशी के रूप में मनाई गई। मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास की त्रिवेणी प्रवाहित हो उठी। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक कर लाल रंग की सूती पोशाक धारण कराई गई। गोचारण लीला से संबंधित आभूषणों से अलंकृत किया गया। एकादशी पर ध्रुव, अमृत सिद्धि एवं त्रिपुष्कर योग का अत्यंत दुर्लभ योग होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखा।
सुभाष चौक पानो का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान वैष्णव पीठ श्री सरस निकुंज में ठाकुरजी को मोहिनी रूप से सजाया गया। श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सानिध्य में श्री राधा सरस बिहारी सरकार का वेदोक्त मंत्रोच्चार से अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई गई। ऋतु पुष्पों से मनोरम श्रृंगार किया गया। श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया के निर्देशन में एकादशी पदों से ठाकुर जी को रिझाया गया। रामगंज बाजार के लाड़ली जी मंदिर में महंत संजय गोस्वामी के सान्निध्य में एकादशी उत्सव मनाया गया। पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाई गई। चौड़ा रास्ता के राधा दामोदर जी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में मोहिनी एकादशी उत्सव श्रद्धा भाव से मनाया गया।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान विष्णु ने मोहिनी स्वरूप धारण कर भस्मासुर का वध किया था। इस कारण श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु एवं उनके मोहिनी स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। एकादशी पर श्रद्धालुओं ने बढ़ चढक़र दान-पुण्य किया। गोशालाओं में गायों को चारा और गुड़ खिलाया गया।
वहीं एकादशी पर श्याम प्रभु के मंदिरों में भक्तों ने भजनों और कीर्तन के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट की। पूरे दिन मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। रामगंज बाजार के कांवटियो का खुर्रा स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर में महंत पं. लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में अखंड ज्योत प्रज्जवलित कर श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया। अग्रवाल फार्म मानसरोवर सेक्टर 113 के श्री श्याम पार्क में म्हारे घरां पधारो श्याम संस्था की ओर से एकादशी कीर्तन किया गया। विजयबाड़ी पथ नंबर सात, जगतपुरा, शास्त्रीनगर, चौगान स्टेडियम, झोटवाड़ा, मुरलीपुरा, वीकेआई रोड नंबर पांच सहित अन्य स्थानों पर स्थित श्रीश्याम मंदिरों में श्री श्याम प्रभु का एकादशी कीर्तन हुआ। गायत्री महिला मंडल झोटवाड़ा-करधनी की ओर से सबकी सद्बुद्धि की कामना के साथ गायत्री महामंत्र का जप किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

