home page

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रदर्शनी का कृषि मंत्री ने किया अवलोकन

 | 
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रदर्शनी का कृषि मंत्री ने किया अवलोकन


अलवर, 14 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा नवीन सूचना केंद्र में आयोजित 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के थीम आधारित प्रदर्शनी का रविवार को कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री तथा अलवर जिला प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अवलोकन किया।

इस अवसर पर डॉ. मीणा ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे, आवास, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल सेवाओं और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक कार्य हुए हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, जनधन योजना तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

उन्होंने राजस्थान में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पंचपदरा रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो फेज-2, रामजल सेतु परियोजना तथा विभिन्न पेयजल और सड़क परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं। अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली (आरआरटीएस), रेलवे स्टेशन उन्नयन, पेयजल परियोजनाओं तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान भपंग वादक पद्मश्री गफरुद्दीन खां मेवाती एवं उनके दल ने लोकगीतों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की आकर्षक प्रस्तुति दी। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित