सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में प्रो. कैलाश डागा और बृज यूनिवर्सिटी में प्रो. मदन सिंह राठौड़ नए कुलगुरु
उदयपुर/ जयपुर, 13 मई (हि.स.)। उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी को लंबे इंतजार के बाद नया कुलगुरु मिल गया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ ने राज्य सरकार से विमर्श के बाद जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी, जोधपुर के प्रो. कैलाश डागा के नाम पर मुहर लगाते हुए उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। वहीं सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के आर्ट्स कॉलेज के डीन प्रो. मदनसिंह राठौड़ को भरतपुर स्थित महाराजा सूरजमल बृज यूनिवर्सिटी का नया कुलगुरु नियुक्त किया गया है।
सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में कुलगुरु पद की दौड़ में कई प्रमुख शिक्षाविदों के नाम चर्चा में थे। इनमें एसएस सारंगदेवोत, आनंद पालीवाल और सीमा मलिक जैसे नाम प्रमुख माने जा रहे थे। सर्च कमेटी और राज्य सरकार के बीच कई दौर के मंथन के बाद प्रो. कैलाश डागा के अनुभव, प्रशासनिक क्षमता और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त माना गया।
प्रो. डागा ऐसे समय में सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की कमान संभालेंगे, जब विश्वविद्यालय शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक सुधार, परीक्षा प्रबंधन और रैंकिंग सुधार जैसी कई चुनौतियों से गुजर रहा है। विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रोजेक्ट्स और लंबित शैक्षणिक कार्यों में भी तेजी लाने की अपेक्षा की जा रही है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को उम्मीद है कि नए कुलगुरु के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और शोध कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
उधर प्रो. मदनसिंह राठौड़ को भरतपुर की महाराजा सूरजमल बृज यूनिवर्सिटी का कुलगुरु नियुक्त किए जाने से सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में भी खुशी का माहौल है। वर्तमान में वे सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के आर्ट्स कॉलेज में डीन के पद पर कार्यरत हैं और लंबे समय से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

