home page

बहरोड़ विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव का निधन

 | 
बहरोड़ विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव का निधन


जयपुर, 08 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत यादव (73) का रविवार सुबह जयपुर में निधन हो गया। उन्होंने सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उनके निधन की जानकारी दी।

डॉ. जसवंत यादव चार बार विधायक और अलवर से लोकसभा सांसद भी रहे। उनका राजनीतिक जीवन चार दशक से अधिक लंबा रहा। उन्होंने वर्ष 1998 में मुंडावर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीता था। इसके बाद वर्ष 1999 में अलवर से लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए। वे वर्ष 2016 से 2018 तक वसुंधरा राजे सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। डॉ. यादव के निधन के बाद राजस्थान विधानसभा में विधायकों की संख्या 199 रह गई है।

परिजनों के अनुसार डॉ. यादव का पार्थिव शरीर रविवार शाम चार बजे के बाद अलवर स्थित उनके आवास जसवंत नगर में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार सोमवार, 9 नवंबर को दोपहर तीन बजे उनके पैतृक गांव सिलपटा (खैरथल-तिजारा) में किया जाएगा।

डॉ. यादव के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संदेश में कहा कि डॉ. जसवंत यादव का संपूर्ण जीवन क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके जनकल्याणकारी कार्यों को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ. यादव का निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण सार्वजनिक जीवन जनसेवा, समाज कल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने जनहित के विषयों को सदैव प्राथमिकता दी। उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समर्पित समाजसेवी को खो दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी डॉ. यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि वे एक अनुभवी नेता थे। पिछले दिनों चेन्नई में स्वास्थ्य लाभ के दौरान उनसे मुलाकात हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrashekhar kuntal