home page

गुलाबी नगरी में सजेगा मिस एंड मिसेज राजस्थान ग्लैमर-2027 का मंच

 | 
गुलाबी नगरी में सजेगा मिस एंड मिसेज राजस्थान ग्लैमर-2027 का मंच


गुलाबी नगरी में सजेगा मिस एंड मिसेज राजस्थान ग्लैमर-2027 का मंच


जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी में फैशन और प्रतिभा का संगम देखने को मिलेगा। राजस्थान के शहरों के साथ गांवों की उभरती प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से मिस एंड मिसेज राजस्थान ग्लैमर-2027 सीजन-2 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 8 जनवरी को जयपुर के वैशाली नगर स्थित मान पैलेस में होगा। गुरुवार को होटल ग्रैंड सफारी में पेजेंट के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन हॉस्पिटैलिटी और व्यापार जगत से जुड़ी हस्तियों की मौजूदगी में किया गया।

आयोजक चिराग चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना और उभरती मॉडल्स के साथ विवाहित महिलाओं को अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व प्रदर्शित करने का अवसर देना है। आयोजन में राकेश कुमार सह-संस्थापक की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, पेजेंट कोच और ग्रूमर शाहरुख शो डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

वहीं प्रतियोगिता की शुरुआत 1 नवंबर को कोटा ऑडिशन से होगी। इसका आयोजन दी इको सतवा होटल में किया जाएगा। इसके बाद 20 दिसंबर को जयपुर ऑडिशन होटल ग्रैंड सफारी में होंगे। सेमीफाइनल 27 दिसंबर को ब्लैक आउट क्लब में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 5 से 7 जनवरी तक मान पैलेस में तीन दिवसीय ग्रूमिंग सत्र होगा। इसमें प्रतिभागियों को व्यक्तित्व विकास, मंच संचालन और प्रस्तुति से जुड़ी तैयारियां कराई जाएंगी। 8 जनवरी को इसी स्थल पर ग्रैंड फिनाले होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश