home page

सडक़ हादसे में नाबालिग की मौत पर धरना-प्रदर्शन

 | 
सडक़ हादसे में नाबालिग की मौत पर धरना-प्रदर्शन


जोधपुर, 22 मई (हि.स.)। शहर के निकट झालामंड स्थित मोती मार्केट के ब्रिज पर गुरुवार शाम को पत्थरों से लदे एक ट्रक से टक्कर के बाद मोपेड सवार किशोर की मौत हो गई। इस हादसे के बाद आज मृतक के परिजन व समाज के लोग विभिन्न मांगों को लेकर एम्स जोधपुर की मोर्चरी के बाद धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में समझाइश कर मामला शंांत करवाया। परिजन को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इस हादसे में हनुमान नगर झालामंड निवासी दिव्यांशु पुत्र कुलदीप कुमावत की मौत हो गई थी। वह इलेक्ट्रिक मोपेड पर सवार था। ट्रक शताब्दी सर्किल की तरफ जा रहा था। ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से मोपेड उससे भिड़ गई थी। हादसे से गुस्साएं लोगों ने मौके पर भी धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की थी। इधर आज सुबह एम्स मोर्चरी पर समाज के लोग और कई जनप्रतिनिधि वहां पहुंचे।

उन्होंने मृतक आश्रित परिवार को ए करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर सरकारी नौकरी प्रदान करने, जिला परिवहन अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, झालामंड चौराहा से गौरव होटल डांगियावास तक संबंधित ड्यूटी अधिकारियों एवं जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों को निलंबित करने, संबंधित पुलिस बीट अधिकारी के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई करने, शताब्दी सर्किल से गौरव होटल तक सडक़ सुरक्षा के लिए बैरिकेट्स, स्पीड ब्रेकर एवं सुरक्षा बैरियर लगाने आदि की मांग की।

इस दौरान एडीसीपी वेस्ट नरेंद्र देवड़ा, एसडीएम पंकज कुमार के साथ शिल्प एवं माटी कला बोर्ड के पूर्व निदेशक अशोक झालामंड, पूर्व पार्षद राजकुमार प्रजापत, पूर्व पार्षद दशरथ प्रजापत, श्री श्रीयादे माता पावन धाम के अध्यक्ष दयाल राम प्रजापत, सुरेश कुमार नागोरी, मुन्नालाल प्रजापत, पुखराज प्रजापत ने प्रजापत समाज एवं प्रशासन से बातचीत कर धरने को समाप्त करवाया। मौके पर स्थानीय विधायक जोगाराम पटेल के प्रतिनिधि अशोक पटेल र्ने विरोध कर रहे प्रतिनिधि मंडल एवं समाज बंधुओ को आश्वासन दिया। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश