home page

भैंस के हमले में दूध व्यापारी की मौत

 | 
भैंस के हमले में दूध व्यापारी की मौत


अजमेर, 28 जून (हि.स.)। मांगलियावास थाना क्षेत्र के जेठाना गांव में रविवार सुबह एक हादसे में 66 वर्षीय दूध व्यापारी की मौत हो गई। मवेशियों को चारा डालते समय उनकी ही भैंस अचानक उग्र हो गई और सींग मारकर उन्हें उछाल दिया। गिरने के दौरान उनका सिर जमीन में गड़े लकड़ी के खूंटे से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।

जानकारी के अनुसार जेठाना निवासी सोहन देपन (66) पुत्र नारायण सिंह रोजाना की तरह रविवार सुबह अपने बाड़े में भैंसों को चारा-पानी डाल रहे थे। इसी दौरान एक भैंस अचानक भड़क गई और उसने उन पर जोरदार हमला कर दिया। सींग लगने से वे हवा में उछलकर नीचे गिरे और उनका सिर भैंस बांधने के लिए जमीन में गड़े लकड़ी के खूंटे से जा टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने से वे मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।

हादसे को सबसे पहले उनके भतीजे दीपक कुमार और वहां मौजूद एक ट्रैक्टर चालक ने देखा। चालक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर मांगलियावास थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम करवाने सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे से जेठाना गांव में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित