तीस लाख मुआवजे पर अड़े परिजन, 18 घंटे से शव का पोस्टमार्टम अटका
कोटा, 15 नवंबर (हि.स.)। मधुर दूध डेयरी में आग लगने से कर्मचारी लेखराज की जिंदा जलने से हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजन 30 लाख रुपए मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। मांग को लेकर परिजन एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। हालात यह हैं कि घटना के करीब 18 घंटे बाद भी प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति नहीं बन पाई है, जिसके चलते मृतक का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका।
मामला भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र की राम मंदिर गली का है, जहां शनिवार रात मधुर दूध डेयरी में आग लग गई थी। आग की चपेट में आने से डेयरी कर्मचारी लेखराज की मौत हो गई। घटना के बाद रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया।
परिजन मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए और स्पष्ट किया कि जब तक 30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता नहीं मिलती, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।
इस दौरान परिजनों ने नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के चलते अस्पताल परिसर में भी काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मामले की सूचना मिलने पर कोटा सिटी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा और एसडीएम कपिल शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर समझाइश का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखने तक दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि नियमानुसार मिलने वाली सरकारी सहायता राशि दिलवाई जाएगी। इसके अलावा डेयरी मालिक की ओर से भी आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास करने की बात कही गई है। हालांकि परिजन 30 लाख रुपए की मांग पर कायम हैं।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश को देखते हुए अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। वहीं भीमगंज मंडी थाना पुलिस आगजनी की घटना और युवक की मौत के पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

