एमजी विंडसर इंडल्ज एडिशन लॉन्च, कीमत 17.99 लाख रुपए
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने अपनी इलेक्ट्रिक कार एमजी विंडसर का विशेष संस्करण ‘इंडल्ज एडिशन’ लॉन्च किया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 17,99,800 रुपए रखी गई है। कंपनी के अनुसार, इस संस्करण में आकर्षक बाहरी बनावट के साथ केबिन के आराम और सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है।
एमजी विंडसर इंडल्ज एडिशन को शैडो गोल्ड बॉडी रंग और विपरीत काली छत के साथ पेश किया गया है। काले बाहरी शीशे, 18 इंच के काले अलॉय व्हील और सी-पिलर पर खास ‘इंडल्ज’ बैजिंग इसे अलग पहचान देते हैं। केबिन में अर्बन टैन और काले रंग की सीटों का संयोजन किया गया है। आगे की सीटों के हेडरेस्ट पर ‘इंडल्ज’ की कढ़ाई भी दी गई है।
इस संस्करण की खासियत पिछली सीटों पर मिलने वाली अतिरिक्त सुविधाएं हैं। इसमें दूसरी कतार के यात्रियों के लिए ‘प्राइव स्क्रीन’ मानक रूप से दी गई है। इसके साथ विशेष बैजिंग वाले प्रीमियम तकिए और गर्दन के कुशन भी मिलते हैं। इसके अलावा पीछे की खिड़कियों के लिए सनशेड, विशेष डिजाइन वाले त्रिआयामी मैट, आगे की ग्रिल पर क्रोम सजावट, बंपर कॉर्नर प्रोटेक्टर, बॉडी साइड मोल्डिंग और प्रीमियम लेदर कवर जैसे सहायक उपकरण भी उपलब्ध हैं।
कंपनी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी विनय रैना ने कहा कि एमजी विंडसर इंडल्ज एडिशन में 38 किलोवाट-घंटे की बैटरी दी गई है। यह 100 किलोवाट यानी 136 पीएस की अधिकतम शक्ति और 200 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन्न करती है। कंपनी के मुताबिक, इसकी प्रमाणित दूरी 332 किलोमीटर है।
एमजी विंडसर को कंपनी भारत की पहली इंटेलिजेंट क्रॉसओवर यूटिलिटी व्हीकल (सीयूवी) बताती है। इसमें सेडान जैसी जगह और आराम के साथ एसयूवी जैसी उपयोगिता देने पर जोर दिया गया है। इसकी एयरो लाउंज सीटों को 135 डिग्री तक पीछे झुकाया जा सकता है। कार में 15.6 इंच की ग्रैंडव्यू टच स्क्रीन भी दी गई है।
कंपनी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी विनय रैना ने कहा कि एमजी विंडसर ने इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के प्रति ग्राहकों की झिझक कम करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके अनुसार, केवल 24 महीनों में विंडसर 80 हजार से अधिक परिवारों तक पहुंची है। इंडल्ज एडिशन के जरिए कंपनी ग्राहकों को अधिक प्रीमियम और व्यक्तिगत अनुभव देने के साथ बदलती पसंद के अनुरूप अपने उत्पादों को विकसित करने पर ध्यान दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

