home page

दिवाली पर रात 12.30 बजे तक दौड़ेगी मेट्रो: 11 नवंबर तक रोजाना 214 फेरे लगाएंगी ट्रेनें

 | 
दिवाली पर रात 12.30 बजे तक दौड़ेगी मेट्रो: 11 नवंबर तक रोजाना 214 फेरे लगाएंगी ट्रेनें


जयपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर परकोटे सहित शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी और रोशनी की सजावट देखने उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जयपुर मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों को राहत दी है। त्योहार के दौरान 3 से 11 नवंबर तक मेट्रो ट्रेनों के फेरों की संख्या बढ़ाई गई है। अब प्रतिदिन 202 के बजाय 214 फेरे लगाए जाएंगे। वहीं, बाजारों में देर रात तक खरीदारी करने वालों की सुविधा के लिए आखिरी मेट्रो रात 12.30 बजे तक संचालित होगी।

विशेष व्यवस्था के तहत मानसरोवर और बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन से रात 12.30 बजे अंतिम ट्रेन रवाना होगी। इससे परकोटे के बाजारों में खरीदारी करने, दीपावली की रोशनी देखने और त्योहार की तैयारियों के लिए आने वाले शहरवासियों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।

जयपुर मेट्रो के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वैभव गालरिया ने बताया कि दीपावली के दौरान परकोटे के बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी विशेष व्यवस्था की है। 6 से 9 नवंबर तक परकोटा क्षेत्र में सिटी बसों, मिनी बसों, ऑटो, ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में मेट्रो बाजारों तक पहुंचने और वहां से लौटने का सुविधाजनक विकल्प बन सकती है। खासतौर पर बड़ी चौपड़ स्टेशन के आसपास के बाजारों में खरीदारी करने वालों को इसका लाभ मिलेगा।

जयपुर मेट्रो के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वैभव गालरिया ने बताया कि राष्ट्रीय पर्वों, त्योहारों और विभिन्न उत्सवों पर यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो प्रशासन विशेष व्यवस्थाएं करता रहा है। इसी क्रम में दीपावली पर 3 से 11 नवंबर तक ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और अंतिम ट्रेन रात 12.30 बजे तक चलाने का निर्णय लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश