home page

अजमेर में 14 स्थानों पर गूंजेगा योग का संदेश, विवेकानंद केंद्र अजमेर मनाएगा भव्य योग महोत्सव

 | 
अजमेर में 14 स्थानों पर गूंजेगा योग का संदेश, विवेकानंद केंद्र अजमेर मनाएगा भव्य योग महोत्सव


अजमेर में 14 स्थानों पर गूंजेगा योग का संदेश, विवेकानंद केंद्र अजमेर मनाएगा भव्य योग महोत्सव


अजमेर, 18 जून(हि.स.)। भारत की प्राचीन योग परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, संस्कारित एवं सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी शाखा, अजमेर द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अजमेर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर 14 स्थानों पर योग महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, कर्मचारी एवं वरिष्ठजन सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लेंगे।

योग महोत्सव का मुख्य आयोजन भजनगंज स्थित टोरंटो पैलेस में प्रातः 5:30 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम तथा योग के महत्व पर विशेष उद्बोधन भी होंगे।

राजस्थान प्रांत के कार्यपद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने बताया कि विवेकानंद केंद्र द्वारा विगत 25 मई से टोरंटो पैलेस में प्रतिदिन प्रातः योग एवं प्राणायाम प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग महोत्सव इस प्रशिक्षण अभियान का विशेष समापन समारोह भी होगा। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय की भारतीय जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक की यात्रा का आधार बनती है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर केंद्र के प्रशिक्षित योग कार्यकर्ता शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को योगाभ्यास कराएंगे। टी.टी. कॉलेज में अंकुर प्रजापति, ज्ञान विहार कॉलोनी गार्डन में ओमप्रकाश छापरवाल, डॉ. हेडगेवार उद्यान वैशाली नगर में दिनेश चंद्र नवाल एवं कुशल उपाध्याय, विवेकानंद स्मारक कोटड़ा में दिनेश चंद्र नवाल तथा प्रेम प्रकाश आश्रम पुष्कर में कृष्णेन्द्र सिंह शेखावत योगाभ्यास का संचालन करेंगे।

इसी प्रकार आदर्श नगर उद्यान में विनिता यादव, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर में बीना तोमर, मुख्य डाकघर (जीपीओ) अजमेर में राकेश कुमार यादव, श्री छत्रपति शिवाजी महाराज उद्यान कृष्णगंज में राधा राठी तथा एलआईसी कार्यालय अलवर गेट में सुगनचंद गहलोत योग सत्रों का संचालन करेंगे।

इसके अतिरिक्त पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गुलाबबाड़ी में दो अलग-अलग सत्रों में सुलोचना एवं पुष्पा तथा सुनीता एवं लक्ष्मी चौहान योगाभ्यास कराएंगी। वहीं मधुबन कॉलोनी, नाका मदार में आयोजित सायंकालीन योग कार्यक्रम में स्वयं डॉ. स्वतंत्र शर्मा योग प्रशिक्षण देंगे। इन सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु वीणा शाह, सतीश कुमार गोयल, अशोक पंसारी, मधु शर्मा, संतोष आचार्य, मीनू इंद्रा, रमेश पहलवानी, राजेश शर्मा, खुशवंत मंडिया, अनीता मीणा, सीमा गोस्वामी एवं डी.के. गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता समन्वय की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष