स्वीप गतिविधियों से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश
प्रश्नोत्तरी, मतदाता शपथ एवं संकल्प पत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जागरूक
जोधपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के दृष्टिगत जिले में मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी)
गतिविधियों के तहत शुक्रवार को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पावटा में स्वीप टीम द्वारा विद्यार्थियों को मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने के लिए विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकार एवं दायित्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नोत्तरी में भाग लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश भी दिया गया। स्वीप गतिविधि के तहत उपस्थित विद्यार्थियों एवं सहभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई तथा संकल्प पत्र भरवाए गए। इसके माध्यम से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार के प्रयोग तथा अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में लोकतंत्र में प्रत्येक मत की महत्ता को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता गतिविधियों के साथ सघन वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में स्वीप प्रभारी अधिकारी घनश्याम सिंह राठौड़, इंद्र विक्रम सिंह चौहान, प्रधानाचार्य प्रकाश भाटी, एसबीओ शहर चंद्रशेखर दवे, प्रधानाचार्य दीपिका भाटी तथा विजय सिंह राठौड़ सहित लायंस क्लब के सदस्यों की सहभागिता रही।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

