home page

आठ शहरों का पारा 37 पार, बाड़मेर सबसे गर्म

 | 
आठ शहरों का पारा 37 पार, बाड़मेर सबसे गर्म


जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में गर्म अपने रंगत में आने लगी है। गुरुवार को प्रदेश के 24 शहरों का पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया तो वहीं 8 शहरों का दिन का पारा 37 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। इस सप्ताह के अंत तक प्रदेश के कुछ शहरों का पारा 40 पार पहुंचने की संभावना है। 38.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 24.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर सहित करीब 24 शहरों का दिन का पारा 35 डिग्री के पार रहा। बाड़मेर के अलावा पिलानी, चित्तौडग़ढ़, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी और बीकानेर का दिन का पारा 37 डिग्री के पार दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के पारे में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से 4-8 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं। वर्तमान में गुजरात व आसपास के लगने वाले अरब सागर क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवाती तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में और 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य में आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ऊपर जारी रहने तथा दक्षिण-पश्चिमी भागों में 8-10 मार्च के दौरान कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज होने की प्रबल संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश