home page

धनतेरस पर मातम: मेनाल में पुलिया से नीचे गिरी कार, तीन मजदूरों की मौत, आठ घायल

 | 
धनतेरस पर मातम: मेनाल में पुलिया से नीचे गिरी कार, तीन मजदूरों की मौत, आठ घायल


धनतेरस पर मातम: मेनाल में पुलिया से नीचे गिरी कार, तीन मजदूरों की मौत, आठ घायल


भीलवाड़ा, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली का त्योहार... घरों में रोशनी, बाजारों में रौनक और हर चेहरे पर खुशियों की चमक। धनतेरस की शाम लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन भीलवाड़ा जिले के मेनाल के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के इस माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने ऐसी तबाही मचाई कि तीन लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए थम गई, जबकि आठ अन्य घायल होकर अस्पताल पहुंच गए।

हादसा शुक्रवार को मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में मेनाल के निकट हुआ। कोटा निवासी एक परिवार धनतेरस के अवसर पर सांवरिया सेठ के दर्शन कर कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान मेनाल के पास हाईवे निर्माण कार्य चल रहा था। पुलिया के ऊपर से गुजर रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नीचे निर्माण स्थल पर खड़े पानी के टैंकर से टकराते हुए गहरे खड्डे में जा गिरी। कार की चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर भी आ गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार की चपेट में आने से महिला सहित तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सांवता पुत्र देवीलाल औड निवासी बोलपुरिया, प्रेम पत्नी शंभूलाल बंजारा निवासी बिलोना बड़ी तथा बिहारीलाल पुत्र नाथूलाल बंजारा निवासी बिलोना बड़ी आरोली के रूप में हुई है।

धनतेरस के दिन जिन घरों में दीप जलने थे, वहां अब अपनों को खोने का अंधेरा छा गया। त्योहार की तैयारियों के बीच मिली मौत की खबर ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन हाथों को दीपावली पर घर लौटना था, वे अब कभी वापस नहीं आएंगे।

इस दुर्घटना में कार में सवार कोटा निवासी भूपेंद्र पुत्र बालकिशन, उनकी पत्नी रीना, बेटी साक्षी, अदीक्षा और बेटा उमंग भी घायल हो गए। बताया गया कि परिवार सांवरिया सेठ के दर्शन कर धनतेरस पर अपने घर कोटा लौट रहा था। धार्मिक यात्रा से लौटते समय परिवार को इस भयावह हादसे का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा हादसे में चांदनी पत्नी नंदलाल बंजारा, सुनीता पत्नी फतेहलाल बंजारा तथा अर्जुन पुत्र बिहारी बंजारा भी घायल हुए। दुर्घटना में कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

हादसे की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार नायक पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। घायलों और मृतकों के शवों को तत्काल मांडलगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।

लाडपुरा पुलिस चैकी प्रभारी रामसिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल आठ लोगों में कार सवार पांच सदस्य और तीन मजदूर शामिल हैं। सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

मांडलगढ़ थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक बेंगू थाना क्षेत्र के निवासी होने के कारण बेंगू पुलिस को भी सूचना दी गई है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शवों का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह मांडलगढ़ अस्पताल में करवाया जाएगा।

इस हादसे ने हाईवे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण स्थल पर मजदूर काम कर रहे थे और वहीं पानी का टैंकर भी खड़ा था। ऐसे में पुलिया से अनियंत्रित होकर नीचे गिरी कार सीधे मजदूरों की जिंदगी पर भारी पड़ गई। निर्माण कार्य स्थलों पर सुरक्षा घेरा, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम कितने प्रभावी हैं, यह हादसा इसकी समीक्षा की जरूरत बताता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद