home page

बीकानेर में वायरल ऑडियो-वीडियो पर सियासत गरमाई, गोविन्दराम मेघवाल की रैली में शक्ति प्रदर्शन

 | 
बीकानेर में वायरल ऑडियो-वीडियो पर सियासत गरमाई, गोविन्दराम मेघवाल की रैली में शक्ति प्रदर्शन


बीकानेर, 05 अप्रैल (हि.स.)।

जिले में कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री से जुड़े कथित ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। मामले को लेकर जहां यूथ कांग्रेस के देहात अध्यक्ष भंवर कूकणा और शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने विरोध जताते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया, वहीं पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने भी रविवार को रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।

कर्मचारी मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए गोविन्दराम मेघवाल ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे किसी भी दल या उनके अपने ही क्यों न हों। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं होंगे।

मेघवाल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र रविशेखर के इशारे पर यह ऑडियो तैयार कर वायरल किया गया, जिससे उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के कुछ नेता भी इस साजिश में शामिल होकर उनका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरक्षित सीटों पर टिकट वितरण को लेकर भी नाराजगी जताई और कहा कि मजबूत उम्मीदवारों को नजरअंदाज करने पर समझौता संभव नहीं होगा।

रैली के बाद गोविन्दराम मेघवाल अपने समर्थकों के साथ कर्मचारी मैदान से अंबेडकर सर्किल तक जुलूस निकालते हुए पहुंचे और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस दौरान पंचायत समिति के पूर्व प्रधान लालचंद आसोपा, सरिता चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़, आजम अली, शब्बीर अहमद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण क्षेत्र से आए लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव